

कोरबा/बांकीमोंगरा – घुड़देवा वार्ड निवासी अमन सिंह राजपूत ने पूर्व पार्षद पवन गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाते हुए बांकीमोंगरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8 बजे अमन सिंह को पवन गुप्ता ने रास्ते में रोका और कथित तौर पर अपशब्द कहे तथा जान से मारने की धमकी दी।
अमन सिंह का कहना है कि पवन गुप्ता ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि –
“तुझे जनसेवा से हटा देंगे, और किसी को पता भी नहीं चलेगा।”
इसके साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि –
“मुझे झूठे केस में फँसाने की धमकी दी गई है।”
शिकायतकर्ता ने बताया कि इससे पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिनकी शिकायत थाने व जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दी गई थी। उस समय समझौते के तहत दोनों पक्षों से आगे ऐसी घटनाएं न होने की बात कही गई थी।
हालांकि, अमन सिंह का कहना है कि बार-बार इस प्रकार की घटनाओं से वे मानसिक रूप से परेशान हैं और उनके कामकाज व पारिवारिक स्थिति पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
अमन सिंह ने थाना प्रभारी से निवेदन किया है कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना घटती है तो इसकी जिम्मेदारी पवन गुप्ता और उनके साथियों की होगी। उन्होंने इस मामले में उचित FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
