
बांकीमोंगरा।
चांदी मंदिर मुख्य मार्ग के पास इन दिनों हो रहा निर्माण कार्य लापरवाही और असुरक्षा का उदाहरण बन चुका है। सड़क किनारे गहरी खुदाई और खुले गड्ढों के बावजूद न तो सुरक्षा बैरिकेड लगाए गए हैं, न ही कोई चेतावनी बोर्ड। ऐसे में पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहन चालकों की जान पर बन आई है।
निर्माण स्थल पर मलबा और पत्थर सड़क पर फैला हुआ है, जिससे किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है। पास में स्थित दुकानें और आवासीय इलाके के लोग लगातार धूल और गंदगी से परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की तरफ से कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, यह कार्य कई दिनों से अधूरा पड़ा है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है और लोगों को वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है। बरसात में यह गड्ढा और मलबा बड़ी मुसीबत बन सकता है।
लोगों का सवाल है कि जब निर्माण कार्य जनता की सुविधा के लिए किया जा रहा है, तो इसे इतनी लापरवाही से क्यों संचालित किया जा रहा है। जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार की चुप्पी इस लापरवाही को और बढ़ा रही है।
— जनता की आवाज़


