
कोरबा।
कोरबा ज़िले के बांकी मोंगरा क्षेत्र की सरकारी मान्यता प्राप्त देसी शराब भट्टी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शराब की एक शीशी में जिंदा कीड़ा मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। इस घटना ने न केवल शराब भट्टी संचालकों की पोल खोली है, बल्कि आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक उपभोक्ता ने जब बोतल खोली तो उसमें जिंदा कीड़ा तैरता हुआ दिखाई दिया। यह नजारा देख लोग भड़क उठे और शराब दुकान के बाहर भारी हंगामा होने लगा। आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि यह घटना साबित करती है कि शराब की गुणवत्ता पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा और उपभोक्ताओं की जान से खुलेआम खिलवाड़ किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने आबकारी विभाग पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विभाग के अधिकारी सिर्फ औपचारिक जांच करते हैं, जबकि हकीकत यह है कि शराब भट्टियों में साफ-सफाई और मानक नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सवाल यह भी उठता है कि क्या आबकारी विभाग की आंखों के सामने यह सब हो रहा है, या फिर मिलीभगत से जनता की ज़िंदगी को खतरे में डाला जा रहा है?
ग्रामीणों ने मांग की है कि दोषी शराब भट्टी संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और आबकारी विभाग के उन अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो, जो अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़कर सिर्फ वसूली में व्यस्त हैं।
फिलहाल, यह मामला पूरे कोरबा ज़िले में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग सवाल पूछ रहे हैं – “क्या आम जनता की जान इतनी सस्ती है कि शराब की बोतल में जिंदा कीड़ा तैरता मिले और जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे रहें?”
