
बांकीमोंगरा।
शासकीय नवीन महाविद्यालय बांकीमोंगरा में छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष 2025 का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ युवा मोर्चा प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई।
प्राचार्य व प्राध्यापकों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में प्राचार्यों ने छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और भविष्य की चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि विकास झा ने अपने उद्बोधन में कहा –
“भारत जब 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब हमारा छत्तीसगढ़ भी पूरी तरह विकसित प्रदेश के रूप में सामने आएगा। इसके लिए आज के छात्र ही कल के निर्माता हैं। अपने सपनों को साकार करने के लिए अनुशासन, एकाग्रता और निरंतर परिश्रम आवश्यक है।”

उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे माता-पिता के सपनों को पूरा करने के लिए समर्पित रहें और शिक्षा के क्षेत्र में अपनी ऊर्जा लगाएं।
महाविद्यालय को मिलेंगी नई सौगातें
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्यगणों ने महाविद्यालय में शौचालय और पेयजल की समस्या से मुख्य अतिथि को अवगत कराया। इस पर विकास झा ने घोषणा की कि –
आगामी 1 से 2 माह के भीतर 4 सुलभ शौचालय कक्ष का निर्माण अध्यक्ष निधि से कराया जाएगा।
महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों व शिक्षकों के लिए एक वाटर फ्रिज भी उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने बांकीमोंगरा कॉलेज तक सिटी बस सुविधा शुरू करने और जल्द से जल्द महाविद्यालय भवन निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया।
सम्मान और सहभागिता
कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी विकास सोनी, युवा मोर्चा नेता अनूपम दास सहित शासकीय नवीन महाविद्यालय बांकीमोंगरा के प्राचार्य भुनेश्वर सिंह कंवर, सहायक प्राचार्य विजय कुमार लहरें, पुरुषोत्तम सिंह कंवर, अखिलेश कुमार उईके, रघुराज सिंह तंवर, अशोक कुमार श्रीवास, गुलाब सिंह कंवर, रविन्द्र कुमार पैकरा एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अंत में महाविद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि विकास झा का साल व श्रीफल से सम्मान किया गया।

