
बांकीमोंगरा।
नगर की तस्वीर बदलने वाला एक बड़ा कदम आज बांकीमोंगरा में उठाया गया। वह मशीन, जिसका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था, आखिरकार नगर पालिका परिषद में शामिल हो गई। जैसे ही नई जेसीबी मशीन का शुभारंभ हुआ, पूरे क्षेत्र में विकास और बदलाव की उम्मीदों की गूंज सुनाई देने लगी।
नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा द्वारा खरीदी गई अत्याधुनिक जेसीबी मशीन का विधिवत पूजन-अर्चन कर शुभारंभ किया गया। श्रीफल तोड़ते ही जैसे संकेत मिल गया कि अब नगर में सफाई, नाली निर्माण, कचरा निष्पादन और विकास कार्यों की रफ्तार कई गुना बढ़ने वाली है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने शुभारंभ के दौरान कहा कि,
> “यह सिर्फ एक मशीन नहीं, बल्कि बांकीमोंगरा के हर वार्ड के लिए राहत का साधन है। अब गंदगी, जलभराव और अव्यवस्था पर तेज प्रहार होगा।”
वहीं भाजयुमो छत्तीसगढ़ प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा ने इस मौके पर कहा कि नगर को नई दिशा देने के लिए यह फैसला जरूरी था।
उन्होंने कहा,
> “विकास की रफ्तार तभी बढ़ती है जब संसाधन मजबूत हों। यह जेसीबी परिषद की कार्यक्षमता को नई ऊंचाई देगी।”
पालिका अधिकारियों ने बताया कि कई ऐसे इलाके हैं, जहां पुरानी मशीनें या मानव श्रम सीमित साबित हो रहे थे। अब यह नई जेसीबी उन दुर्गम क्षेत्रों में भी तेजी से कार्य करेगी, जिससे वर्षों से चली आ रही समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा।
इस ऐतिहासिक अवसर पर नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा, उपाध्यक्ष श्रीमती गायत्री कंवर, भाजयुमो प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा, भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, भाजपा नेता गोवर्धन सिंह कंवर, अश्वनी साहु सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अब सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि मशीन आई है…
सवाल यह है कि बांकीमोंगरा कितनी तेजी से बदलेगा?


