
बिलासपुर (छ.ग.)।
भाद्रपद मास की पावन तिथि पर पूरे देश में चल रहे श्री गणेश के दस दिवसीय महोत्सव की गूंज अब बिलासपुर में भी सुनाई दे रही है। मंगला वार्ड क्रमांक 14 स्थित शिवालय कॉम्प्लेक्स के समक्ष श्री शिवगौरी गणेशोत्सव समिति द्वारा भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित कर उत्सव का शुभारंभ किया गया।
समिति द्वारा 27 अगस्त को गणपति स्थापना एवं पूजा-अर्चना के साथ आयोजन की शुरुआत हुई। प्रतिदिन सुबह-शाम पूजन, आरती और भजन संध्या का आयोजन हो रहा है। बाल कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया, वहीं भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहकर उत्सव की शोभा बढ़ा रहे हैं।
सांस्कृतिक संध्या के अवसर पर समिति के सक्रिय सदस्य श्री कृष्ण चंद्र जोशी, श्री संतोष तिवारी, श्री एस.के. पयासी, श्री शिवकुमार साकेत एवं श्री नीतेश सेन ने समाज में एकजुटता और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सांझी आस्था और भाईचारे का प्रतीक है।
उत्सव के दौरान प्रतिदिन भंडारे की व्यवस्था की गई, जिसमें भक्तगणो ने प्रसाद ग्रहण कर श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त किया। विगत दिनों में महिला मंडली द्वारा भजन, बच्चों की प्रतियोगिताएँ और विशेष भक्ति संध्या जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
6 सितंबर को भगवान श्री गणेश का भव्य विसर्जन गाजे-बाजे और शोभायात्रा के साथ किया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी जीवंत बनाए हुए है।
समिति ने समस्त श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों एवं सहयोगियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया है और सभी से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस पावन उत्सव और विसर्जन शोभायात्रा को सफल बनाएं।


