
बांकीमोंगरा। साहु समाज कुसमुंडा मंडल द्वारा आदर्श नगर कुसमुंडा में तीज महोत्सव एवं वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन बड़े उत्साह और परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी कुमारी झा मुख्य अतिथि एवं भाजयुमो प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री विकास झा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों एवं समाज के वरिष्ठजनों द्वारा भारत माता एवं भक्त माता कर्मा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद महिलाओं एवं युवतियों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर वातावरण को उल्लासमय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान समाज की ओर से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का अभिनंदन पुष्पगुच्छ और शॉल-श्रीफल भेंट कर किया गया।
अपने उद्बोधन में श्रीमती झा ने कहा –
“साहु समाज ने हमेशा संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को संरक्षित किया है। मैं आप सभी की प्रतिनिधि के रूप में वचन देती हूँ कि समाज और नगर की आवश्यकता के हर कार्य में सहयोग करूँगी। किसी भी प्रकार की परेशानी या मांग को सीधे पालिका कार्यालय आकर बताएं, हम पूरी निष्ठा से समाधान का प्रयास करेंगे।”
वहीं, विशिष्ट अतिथि श्री विकास झा ने कहा –
“बांकीमोंगरा नगर को हम सब मिलकर आदर्श नगर के रूप में विकसित करेंगे। आने वाले समय में सड़क, बिजली, पानी और भवन जैसी बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा। साहु समाज द्वारा सामुदायिक भवन की मांग की गई है, जिसे आगामी वर्षों में पूरा करने का संकल्प लिया गया है।”
समारोह में बड़ी संख्या में साहु समाज के महिलाएँ, पुरुष, वरिष्ठजन, बच्चे एवं नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे और तीज महोत्सव की परंपराओं का आनंद लिया।

