
मंगला बस्ती में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और धार्मिक मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति द्वारा महर्षि विश्वविद्यालय परिसर में एक प्रेरणादायी हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में हिंदू नागरिकों ने सहभागिता कर एकता का परिचय दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस अवसर पर आध्यात्मिक विज्ञान रत्न से सम्मानित श्री पीतांबर सिंह आचार्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ विभाग कार्यवाह श्री गोवर्धन देवांगन मुख्य वक्ता एवं श्रीमती आशा सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहीं।
सम्मेलन के दौरान भजन मंडलियों की प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात श्रीमती आशा सिंह ने महिलाओं की सामाजिक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए “पांच परिवर्तन” विषय के माध्यम से परिवार और समाज में सकारात्मक बदलाव की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य अतिथि श्री पीतांबर सिंह आचार्य ने अपने संबोधन में हिंदू समाज से संगठित रहने, पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने तथा गीता और रामायण के अध्ययन को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। वहीं मुख्य वक्ता श्री गोवर्धन देवांगन ने “पांच परिवर्तन” के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को राष्ट्रधर्म बताते हुए व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से चर्चा की।
सम्मेलन के दौरान उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में संकल्प लिया—
“स्वयं जागेंगे, समाज को जगाएंगे, राष्ट्र को मजबूत बनाएंगे।”
कार्यक्रम के समापन अवसर पर बालिकाओं एवं उपस्थित नागरिकों द्वारा वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। अंत में प्रसाद वितरण हुआ तथा सुभाष सिंह राजपूत द्वारा आभार व्यक्त किया गया।

