
बिलासपुर, 14 अप्रैल 2025 | जनता की आवाज़
मुंबई डॉक यार्ड अग्निकांड की 81वीं बरसी पर अग्नि सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत आज बिलासपुर में जागरूकता रैली के साथ हुई। इस दौरान अग्नि दुर्घटनाओं में शहीद हुए अग्निशमन कर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
नगरसेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा एसडीआरएफ मुख्यालय नवा रायपुर के निर्देशानुसार 14 से 20 अप्रैल तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज 14 अप्रैल को सुबह 8:30 बजे डी.आई.जी. नगरसेना एवं एसडीआरएफ एस. के. ठाकुर ने हरि झंडी दिखाकर रैली की शुरुआत की। जिला अग्निशमन अधिकारी श्री दीपांकुर सामुएल नाथ के नेतृत्व में यह जागरूकता रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकाली गई।
रैली का प्रारंभ मुंगेली नाका से हुआ, जो नेहरू चौक, कंपनी गार्डन, गोल बाजार, श्याम टॉकीज, गांधी चौक, तारबाहर चौक, श्रीकांत वर्मा मार्ग, व्यापार विहार चौक, रिंग रोड-2 होते हुए पुनः मुंगेली नाका के पास संपन्न हुई। रैली के माध्यम से आम जनता को अग्निकांड की स्थिति में सतर्कता, बचाव एवं सही व्यवहार की जानकारी दी गई।
इस आयोजन में नगरसेना, एसडीआरएफ परसदा एवं बिलासपुर, फायर विभाग के कर्मचारी, तथा लगभग 200 महिला एवं पुरुष नगर सैनिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य जनमानस को आग से होने वाले खतरों से सतर्क करना तथा ऐसी आपदाओं से निपटने के लिए उन्हें जागरूक और तैयार करना रहा।
प्रशासन ने बताया कि सप्ताहभर पोस्टर-बैनर, निबंध प्रतियोगिता, मॉक ड्रिल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूकता अभियान जारी रहेगा।