कोरबा। कोरबा जिले के ग्राम सरगबुंदिया में पंचायत के उप सरपंच पवार सिंह सिदार पर मनमानी करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले को लेकर ग्राम पंचायत के सरपंच और पंचों ने एसडीएम को लिखित शिकायत सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में सरपंच और पंचों ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत में उनकी जानकारी और सहमति के बिना कथित तौर पर कुछ प्रस्ताव तैयार कर आगे भेजे जा रहे हैं। इनमें जमीन डायवर्सन से संबंधित दो प्रस्ताव भी शामिल बताए गए हैं, जिन्हें पंचों का कहना है कि उनकी जानकारी के बिना तैयार किया गया।
सरपंच और पंचों का कहना है कि पंचायत के महत्वपूर्ण प्रस्तावों और निर्णयों की जानकारी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को होना आवश्यक है। ऐसे में बिना जानकारी के प्रस्ताव तैयार किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की प्रशासनिक जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में कथित रूप से तैयार किए गए प्रस्तावों को निरस्त करने तथा जांच में यदि अनियमितता या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग भी की गई है।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। अब नजर प्रशासन की जांच पर है कि शिकायत के आधार पर कब जांच शुरू होती है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।
