
बिलासपुर, 25 अक्टूबर।
जिला प्रशासन की सख्ती से खनिज माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खनिज विभाग ने शुक्रवार को ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 09 वाहनों को जब्त किया है, जो खनिजों का अवैध परिवहन कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार उप संचालक खनिज प्रशासन के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मंगला, पाटबाबा, लोखड़ी, तुरकाडीह, निरतु, घुटकू, लमेर, लारिपारा, लोफंदी, कछार, ढेका, दर्रीघाट और लावर क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान लमेर और लारिपारा क्षेत्र से 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत लोड किए हुए, लोफंदी से 1 ट्रैक्टर, तथा ढेका, दर्रीघाट और लावर क्षेत्र से 5 हाइवा (जिनमें रेत, चूना पत्थर, डस्ट और गिट्टी लदी थी) को पकड़ा गया।
सभी वाहनों को थाना कोनी और कोटा की अभिरक्षा में रखा गया है, जबकि हाइवा को खनिज जांच चौकी लावर में जब्त किया गया है।
जिला खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर अब किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
प्रशासन की यह कार्रवाई न सिर्फ खनन माफियाओं के लिए चेतावनी है, बल्कि आम जनता के लिए यह संदेश भी है कि शासन अब अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के मूड में है।
