पाली विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला लहरापारा में पदस्थ शिक्षक का मामला; प्रमाणपत्रों की वैधता और नियुक्ति प्रक्रिया की जांच की मांग

कोरबा/पाली। छत्तीसगढ़ में शासकीय नौकरी प्राप्त करने के लिए प्रस्तुत किए जाने वाले जाति एवं निवास प्रमाणपत्रों की वैधता को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। कोरबा जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला लहरापारा में पदस्थ शिक्षक श्री शंकर प्रसाद पटेल के संबंध में उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों ने कई महत्वपूर्ण सवाल खड़े कर दिए हैं।
उपलब्ध दस्तावेजों के अवलोकन में जाति प्रमाणपत्र मध्यप्रदेश शासन के निर्धारित प्रारूप में जारी दिखाई दे रहा है। प्रमाणपत्र में संबंधित व्यक्ति को मध्यप्रदेश का निवासी दर्शाया गया है तथा मध्यप्रदेश शासन के आदिम जाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के आदेशों का उल्लेख भी किया गया है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि मध्यप्रदेश के निवासी के रूप में जारी इन प्रमाणपत्रों का उपयोग छत्तीसगढ़ में शासकीय नियुक्ति के लिए किया गया था या नहीं?
नियुक्ति में किस आधार पर मिला लाभ?
मामले में यह स्पष्ट होना आवश्यक है कि संबंधित शिक्षक की नियुक्ति किस वर्ष और किस श्रेणी के अंतर्गत हुई थी। यदि नियुक्ति आरक्षित पद के विरुद्ध हुई है, तो किस राज्य के जाति प्रमाणपत्र के आधार पर आरक्षण का लाभ दिया गया? क्या नियुक्ति के समय प्रमाणपत्रों का नियमानुसार सत्यापन कराया गया था? क्या संबंधित व्यक्ति छत्तीसगढ़ में उस आरक्षण श्रेणी का लाभ प्राप्त करने की पात्रता रखते थे?
ये ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब केवल विभागीय नियुक्ति अभिलेखों और संबंधित राजस्व कार्यालयों के मूल रिकॉर्ड के परीक्षण से ही मिल सकता है।
प्रमाणपत्रों की मूल रिकॉर्ड से जांच जरूरी
मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित शिक्षक की सेवा पुस्तिका, नियुक्ति आदेश, चयन सूची तथा नियुक्ति के समय प्रस्तुत जाति एवं निवास प्रमाणपत्रों की जांच आवश्यक है। साथ ही मध्यप्रदेश के संबंधित प्रमाणपत्र जारीकर्ता कार्यालय से सीधे लिखित सत्यापन कराया जाना चाहिए, ताकि प्रमाणपत्रों की वास्तविकता, जारी होने का आधार एवं संबंधित व्यक्ति की पात्रता स्पष्ट हो सके।
छत्तीसगढ़ में सामाजिक प्रास्थिति प्रमाणपत्रों के सत्यापन के लिए वर्ष 2013 का अधिनियम एवं नियम लागू हैं। इसलिए यदि जाति प्रमाणपत्र के उपयोग अथवा वैधता पर संदेह है तो सक्षम सत्यापन समिति से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच कराई जानी चाहिए।
प्रशासन की जवाबदेही तय हो
अब सवाल केवल एक शिक्षक के प्रमाणपत्रों का नहीं, बल्कि नियुक्ति के समय दस्तावेजों की जांच करने वाले विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी का भी है। यदि नियुक्ति में गलत अथवा अपात्र प्रमाणपत्रों का उपयोग प्रमाणित होता है, तो संबंधित व्यक्ति के साथ-साथ किसी भी जिम्मेदार अधिकारी की भूमिका की भी नियमानुसार जांच होनी चाहिए।

फिलहाल उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर प्रमाणपत्रों की वैधता और नियुक्ति में उनके उपयोग की अंतिम पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए मामले में संबंधित शिक्षक का पक्ष तथा शिक्षा विभाग और राजस्व विभाग का आधिकारिक जवाब भी सामने आना आवश्यक है।
अब देखना होगा कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी पाली, जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा और जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं तथा दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाते हैं या नहीं।

