
बांकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल (पीआईसी) के दायित्व में बदलाव किया गया है। नगर पालिका परिषद द्वारा जारी आदेश के तहत वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा को पीआईसी सदस्य नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें राजस्व एवं बाजार समिति के सभापति की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा कार्यालय से जारी पत्र क्रमांक 1638/स्थापना/2026-27, दिनांक 25 अगस्त 2026 के अनुसार, छत्तीसगढ़ नगरपालिका अधिनियम 1961 की धारा 70 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए पीआईसी सदस्य दिलीप दास की सदस्यता समाप्त की गई है। इसके बाद वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा को पीआईसी में सदस्य के रूप में शामिल करते हुए राजस्व एवं बाजार समिति का सभापति नामित किया गया है।

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अश्वनी कुमार मिश्रा ने नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।

अश्वनी कुमार मिश्रा की नियुक्ति के बाद वार्ड क्रमांक 13 सहित नगर पालिका क्षेत्र के लोगों और समर्थकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। नई जिम्मेदारी के साथ अब राजस्व एवं बाजार समिति से जुड़े कार्यों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
